हमीरपुर। तहसील बमसन की ग्राम पंचायत लंबलू में 69 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण होगा। भवन के लिए चयनित भूमि पर हुए अवैध निर्माण को प्रधान करतार सिंह चौहान ने अन्य प्रतिनिधियों के साथ मिलकर गिरा दिया है। पंचायत ने स्वयं ही कार्रवाई करते हुए इस अवैध निर्माण को गिराया है। अब अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में यहां सामुदायिक भवन का कार्य शुरू होगा।
गौरतलब है कि इससे पूर्व पंचायत भवन के साथ हुए अवैध निर्माण को ग्रामीणों ने करतार सिंह चौहान की अगुवाई में गिराया था। इसके बदले ग्रामीणों ने करतार सिंह को पंचायत प्रधान चुना। अब दोबारा इनकी अगुवाई में अवैध निर्माण हटाया गया है। इसके अलावा पंचायत क्षेत्र में एक गोशाला का निर्माण किया जाएगा। पंचायत ने इसकी स्वीकृति पंचायतीराज एवं पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर से ले ली है। घुराड़ गांव के साथ लगती सरकारी भूमि और लंबलू निवासी अंजना कुमारी पत्नी तिलक राज की भूमि पर इस गोशाला का निर्माण किया जाएगा। अंजना ने दो कनाल भूमि गोशाला के लिए दान दी है। ग्राम पंचायत प्रधान करतार सिंह चौहान ने कहा कि सामुदायिक हाल के लिए चयनित भूमि पर हुए अवैध कब्जे को हटवा दिया है। 69 लाख रुपये से यहां सामुदायिक भवन बनेगा। इस भवन के बनने से क्षेत्र के लोगों को कई आयोजनों सहित अन्य कार्यक्रमों के लिए लाभ मिलेगा। गोशाला के लिए भी मंत्री वीरेंद्र कंवर ने स्वीकृति दी है।