रंगस (हमीरपुर)। जोलसप्पड़ क्षेत्र में रोजाना एक घंटे तक बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए। यह मांग राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जोलसप्पड़ में पढ़ने वाले छात्रों एवं उनके अभिभावकों ने जिला प्रशासन से की है। उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने के समय सुबह आठ बजे से लेकर नौ बजे और छुट्टी होने के समय शाम तीन से लेकर चार बजे तक बड़े वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
छात्र निशांत कुमार, अनिकेत व खुशी, अभिभावकों पवन कुमार, राजकुमार, रंजू देवी आदि ने कहा कि जोलसप्पड़ क्षेत्र में स्टोन क्रशर है जिस कारण टिपर और ट्रकों जैसे बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है। स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा के चलते एक घंटे के लिए जोलसप्पड़ क्षेत्र में बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए, ताकि विद्यार्थियों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि लगातार बड़े वाहनों की आवाजाही से सड़क आर-पार करते बच्चों के वाहन चपेट में आने का भी खतरा बना रहता है। संपर्क मार्ग होने की वजह से यह ज्यादा खुला नहीं है। ऐसे में स्कूल जाते समय कोई भी बच्चा वाहन की चपेट में आने से हादसे का शिकार हो सकता है। ऐसे में सुबह और शाम को एक-एक घंटे तक इस क्षेत्र में बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए।
उधर, पुलिस थाना नादौन के यातायात प्रभारी सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार ने कहा कि स्कूल समय के अनुसार कल से ही जोलसप्पड़ क्षेत्र की ओर आने-जाने वाले बड़े वाहनों को सुबह-शाम एक-एक घंटे तक रुकने के लिए कहा जाएगा, ताकि स्कूली छात्रों को सड़क मार्ग से पैदल आने जाने में किसी भी दिक्कत का सामना ना करना पड़े।