बिझड़ी/नादौन (हमीरपुर)। पंचायतीराज चुनावों को लेकर शुक्रवार को नामांकन वापस लेने की तिथि समाप्त होने के साथ ही चुनावी मुकाबलों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। बिझड़ी वार्ड से बीडीसी सदस्य पद पर रेखा देवी को निर्विरोध चुन लिया गया है, क्योंकि उनके सामने कोई अन्य प्रत्याशी मैदान में नहीं आया।
यह रेखा देवी का दूसरा चुनाव है। इससे पहले उन्होंने 2016 में बीडीसी चुनाव लड़ा था, जिसमें वे तीसरे स्थान पर रही थीं। वहीं, विकास खंड नादौन के अंतर्गत मझियार पंचायत के वार्ड नंबर तीन से शिवानी कुमारी को भी निर्विरोध वार्ड सदस्य चुना गया है।
शिवानी कुमारी ने अपनी जीत के लिए सभी वार्डवासियों का आभार व्यक्त किया है। इसके अलावा ग्राम पंचायत भगेटू के वार्ड नंबर एक (झिंझकरी गांव) से रतन चंद तथा ग्राम पंचायत कक्कड़ के वार्ड नंबर एक (फगलोट) से त्रिलोक चंद को भी ग्रामीणों द्वारा निर्विरोध वार्ड सदस्य चुना गया है।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनके खिलाफ किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिसके चलते इन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।