भोटा (हमीरपुर)। नगर निकाय चुनाव में नगर पंचायत भोटा की सियासत वार्ड नंबर-दो इंदिरा नगर और वार्ड नंबर-सात के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है। वार्ड नंबर-दो हॉट सीट बन गई है, जहां हर किसी की निगाहें टिकी हुई हैं।
इस वार्ड में व्यापार मंडल भोटा के अध्यक्ष और पूर्व पार्षद के बीच सीधी टक्कर ने मुकाबले को बेहद रोचक बना दिया है। कांग्रेस और व्यापार मंडल की जुगलबंदी भी स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है।
वार्ड नंबर-दो में एक ओर जहां पहली बार चुनावी मैदान में उतरा नया चेहरा अपनी मजबूत पकड़ के दम पर ताल ठोक रहा है, वहीं दूसरी ओर अनुभवी पूर्व पार्षद अपने राजनीतिक अनुभव के सहारे चुनावी बाजी पलटने की कोशिश में है।
दोनों ही प्रत्याशियों की क्षेत्र में अच्छी पकड़ मानी जा रही है। खास बात यह भी है कि पूर्व पार्षद के परिवार का नगर पंचायत की राजनीति में पहले से प्रभाव रहा है।
इस वार्ड में कुल 89 मतदाता हैं। करीब 90 फीसदी मतदाता महाजन बिरादरी से जुड़े होने के बावजूद यहां जातीय समीकरणों से अधिक व्यक्तिगत पकड़ और स्थानीय नेटवर्क असर डालते रहे हैं। पिछले चुनावी आंकड़ों को देखें तो यहां हार-जीत अक्सर चार से पांच वोटों के बेहद मामूली अंतर से तय होती रही है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
उधर, वार्ड नंबर-सात में बगावत ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। भाजपा विचारधारा से जुड़े पूर्व उपाध्यक्ष के आजाद उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
भाजपा समर्थित दूसरे दावेदार और पूर्व अध्यक्ष भी पूरी ताकत के साथ चुनावी रण में हैं। इससे इस वार्ड में राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं।
नगर पंचायत भोटा के सात वार्डों में इस बार कांग्रेस ने सीमित रणनीति अपनाते हुए केवल वार्ड तीन, छह और सात नंबर में ही अपने समर्थित प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि वार्ड नंबर-एक, दो, चार और पांच में व्यापार मंडल से जुड़े चेहरे मैदान में हैं।
इससे व्यापार मंडल और कांग्रेस के बीच चुनावी समझौते की चर्चा चरम पर रही है। भाजपा को इन समीकरणों के बीच कई वार्डों में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड-दो और सात से बन सकता है अध्यक्ष
नगर पंचायत का अगला अध्यक्ष वार्ड नंबर-दो या सात से चुने जाने की संभावना सबसे अधिक मानी जा रही है। दोनों वार्डों में राजनीतिक दिग्गज आमने-सामने हैं और यही वजह है कि इन सीटों पर कांटे की टक्कर ने पूरे नगर निकाय चुनाव को बेहद रोमांचक बना दिया है।