दो सगी बहनों ने दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं की मेरिट में चमकाया नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की भकेड़ा पंचायत के सुलखान गांव की दो सगी बहनों ने दसवीं और जमा दो में बोर्ड परीक्षाओं की मेरिट सूची में जगह बनाई है। इस पर पंचायत प्रतिनिधियों ने उन्हें हार पहनाकर सम्मानित किया।
भकेड़ा पंचायत और गांव में बेटियों की मेधावी प्रतिभा की हर घर में चर्चा हो रही है। भकेड़ा पंचायत के सुलगवान गांव में भारतीय सेना सेे सेवानिवृत सूबेदार मेजर प्यार चंद की बड़ी बेटी सोनल ने लक्ष्मी मेमोरियल पब्लिक स्कूल भोटी में विज्ञान संकाय (बोथ) की शिक्षा उत्तीर्ण की है। 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में सोनल ने 500 में से 476 अंक लेकर बोर्ड की मेरिट लिस्ट में नौवां स्थान हासिल किया है।
सोनल आईएस बनना चाहती हैं। सोनल की छोटी बहन अक्षरा ने भी दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 700 में से 693 अंक लेकर जिला हमीरपुर में प्रथम स्थान व हिमाचल प्रदेश में 9वां स्थान हासिल किया है। अक्षरा डॉक्टर बनकर गरीब लोगों की सेवा करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं। दोनों हर रोज अलग-अलग कमरे में बैठकर छह से सात घंटे नियमित पढ़ाई करती हैं।
भकेड़ा पंचायत प्रधान कर्णवीर की अध्यक्षता में पंचायत घर में मेधावी बेटियों को हार पहनाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। उनके पिता सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर प्यार चंद व माता अनीशा को भी हार पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पंचायत उपप्रधान कै. सुरेंद्र कुमार, ब्लॉक समिति सदस्य कमलेश कुमार, पंचायत प्रतिनिधि कश्मीरा देवी, सुनील कुमार व अन्य उपस्थित रहे।