उपमंडल नादौन के तहत रैल में आईपीएच विभाग की सिंचाई योजना अनदेखी का शिकार है। रैल में बनाए गए पंप हाउस के दरवाजे टूट चुके हैं जबकि छत भी खस्ताहाल है। पंप हाउस के आसपास झाड़ियां उग आई हैं।
कुनाह खड्ड के किनारे बना यह पंप हाउस 105 हेक्टेयर उपजाऊ भूमि को सिंचाई सुविधा दे रहा है। ढाई लाख रुपये की लागत से सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ने इस पंप हाउस का निर्माण किया है।
पंप हाउस के भीतर 50 हॉर्स पावर की मोटर लगी है, लेकिन महंगी मशीनरी और सैकड़ों किसानों की सिंचाई सुविधा को लेकर आईपीएच विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा। अगर समय रहते इस पंप हाउस की मरम्मत नहीं करवाई गई तो शरारती तत्व इसे नुकसान पहुंचा सकते हैं।
इससे आने वाले समय में किसानों को अपने खेतों को सिंचने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। किसान बोध राज, प्रताप चंद, अमर सिंह, सोहन सिंह, प्रभात ठाकुर और रमेश पठानिया ने आईपीएच विभाग से पंप हाउस की उचित देखरेख करने की मांग की है।