दिशा की बैठक में भाग लेते उपायुक्त, एडीएम, सीएमओ और अन्य अधिकारी। संवाद
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से प्रायोजित विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राथमिकता के साथ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। वीरवार को जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में पात्र लोग अक्सर सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं।
अनुराग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरकार की सभी योजनाओं का ग्रामीण स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करें। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी दिशा की प्रत्येक बैठक में पिछली बैठकों के निर्णयों और दिशा-निर्देशों के संबंध में की गई कार्रवाई का पूर्ण डाटा लेकर ही आएं, ताकि इन निर्णयों के कार्यान्वयन की समीक्षा की जा सके। स्वास्थ्य विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अनुराग ठाकुर ने मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के अधिकारियों को नए सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने की प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूरा करने तथा कृत कार्रवाई से अवगत करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले में टीबी मुक्त अभियान को भी गति प्रदान करने तथा टीबी से पीड़ित लोगों की पहचान एवं उपचार में तेजी लाने को कहा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बैठक में जिन-जिन अधिकारियों से वांछित सूचना मांगी गई है, वे इसे ई-मेल पते एमपीहमीरपुर एट रेट जीमेल डॉट कॉम पर प्रेषित करें। बैठक में उपायुक्त देवश्वेता बनिक, एडीएम जितेंद्र सांजटा, डीआरओ देवराज भाटिया विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।