गलोड़ (हमीरपुर)। राजकीय टीजीटी कला संघ ने प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से प्रश्न-पत्र मूल्यांकन की लंबित भुगतान राशि शीघ्र जारी करने की मांग की है। संघ ने वर्तमान दरों में संशोधन कर मूल्यांकन राशि को सीबीएसई की तर्ज पर बढ़ाने की मांग की।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कौशल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय बरवाल ने कहा कि सीबीएसई में कक्षा दसवीं के पेपर मूल्यांकन के लिए 25 और जमा दो के लिए 30 रुपये प्रति पेपर की राशि मिलती है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा आगामी परीक्षाओं में पाठ्यक्रम से हटाए गए अध्यायों से प्रश्न न पूछे जाएं और पेपर सेटिंग के लिए चयनित शिक्षकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश उपलब्ध करवाए जाएं। संघ ने बोर्ड से अनुरोध किया कि अगले सत्र से किन-किन कक्षाओं का पाठ्यक्रम बदलेगा, इस संबंध में समय पर अधिसूचना जारी की जाए। संवाद