भरेड़ी में देवभूमि संघर्ष समिति के बैनर तले आक्रोश रैली निकालते लोग। -संवाद
भोरंज (हमीरपुर)। शिमला, मंडी और नेरवा की मस्जिदों में हुए अवैध निर्माण के विरोध की लहर अब हमीरपुर के भरेड़ी कस्बे तक पहुंच गई है। बुधवार को देवभूमि संघर्ष समिति के बैनर तले सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे और जिले में बिना पंजीकरण रह रहे बाहरी राज्यों के लोगों की जांच की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने वक्फ बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और उस पर भू-माफिया के रूप में काम करने का आरोप लगाया। व्यापार मंडल भरेड़ी सहित अन्य व्यापार मंडलों ने वक्फ बोर्ड को भंग करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि यह विशेष समुदाय को सरकारी जमीन पर कब्जा करने में मदद कर रहा है।
लोगों ने भरेड़ी में विद्युत बोर्ड के दफ्तर से लेकर भरेड़ी पीएचसी तक रैली निकाली। इससे पहले भरेड़ी व्यापार मंडल के पदाधिकारी और अन्य लोगों ने एसडीएम भोरंज के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खु को ज्ञापन भी भेजा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बाहरी लोग क्षेत्र में नशे को बढ़ावा दे रहे हैं और स्थानीय लोगों को इसमें फंसा रहे हैं। इसके अलावा विशेष समुदाय के लोगों के कारण बहन-बेटियों की सुरक्षा का भी खतरा बताया गया।
इस विरोध प्रदर्शन में वीना देवी, विजय कुमार, अंकुश सैनी, राज कुमारी, पुष्पा देवी, अनिता शर्मा, किरण चौधरी, राजन, सुरेंद्र चौधरी, राजेश कुमार कैथी, सुरेंद्र कुमार जरियाल, मोहिंद्र सिंह, कलापति और कशिश सैणी सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे।