भोरंज (हमीरपुर)। स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए भोरंज ब्लॉक की पंचायतों में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम 14 सितंबर से एक अक्तूबर तक चलेगा। इसके लिए भोरंज ब्लॉक समिति के सभागार में बीडीओ कुलवंत सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप मुख्यातिथि रहे।
एसडीएम संजय स्वरूप ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों का ग्रामीण विकास और समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने आह्वान किया कि ग्रामीण परिवेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने में ग्रामीणों के साथ मिलकर 14 सितंबर से पहली अक्तूबर तक कार्य करें। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधि, ब्लॉक समिति सदस्यों, जिला परिषद के सदस्यों, महिला व युवक मंडल के सदस्यों और स्वयं सहायता समूहों का भी सहयोग लें।
बीडीओ कुलवंत सिंह ने कहा कि 14 सितंबर को पंचायत प्रतिनिधि, ब्लॉक समिति के सदस्य, जिला परिषद के सदस्य, महिला मंडल, युवक मंडल के सदस्य आदि स्वच्छता पर शपथ लेंगे। 15 सितंबर को पंचायतों में ग्राम सभाएं होंगी। इसके बाद पारंपरिक जल स्रोतों की सफाई करने सहित प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया जाएगा। दो अक्तूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के खंड समन्वयक कमल प्रकाश, पंचायत प्रधान व सचिव उपस्थित रहे।