संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। निजी क्षेत्र की टेलीकॉम कंपनियों ने जुलाई में अपने टैरिफ के दाम बढ़ाए हैं। दरें बढ़ने से नाराज उपभोक्ताओं ने सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल का दामन थाम लिया है। टेलीकॉम के क्षेत्र में खुद को स्थापित करने में संघर्ष कर रही भारत संचार निगम लिमिटेड के प्रति उपभोक्ताओं का रुझान बढ़ रहा है। बीएसएनएल बिजनेस एरिया हमीरपुर के तहत पिछले दो महीनों में बीएसएनएल ने काफी संख्या में नए ग्राहक जोड़े हैं। बिजनेस एरिया हमीरपुर के तहत जिला हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर आता हैं। दो महीने पहले जहां बिजनेस एरिया हमीरपुर के तहत मोबाइल उपभोक्ताओं की संख्या करीब दो लाख थी। अब दो महीने के बाद यह संख्या बढ़कर 2 लाख 15 हजार हो गई है। बीते दो महीनों में बीएसएनएल ने करीब 15 हजार उपभोक्ताओं को अपने साथ जोड़ा है। इनमें नए सिम खरीदने वाले तथा मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी का उपयोग करने वाले ग्राहक शामिल हैं। निजी क्षेत्र की टेलीकॉम कंपनियों ने 3 जुलाई को अपने टैरिफ में 10 से 15 फीसदी बढ़ोतरी कर दी थी। दो दशक पहले बीएसएनएल की सिम हासिल करने के लिए उपभोक्ताओं में काफी मांग थी। निजी कंपनियों की दस्तक देते ही यह मांग कम होने लगी थी। बीएसएनएल हमीरपुर के प्रधान महाप्रबंधक अजीत कुमार ने कहा कि बिजनेस एरिया हमीरपुर के तहत पिछले दो महीनों में करीब 15 हजार नए उपभोक्ता भारत संचार निगम लिमिटेड से जुड़े हैं।
कई उपभोक्ता अभी असमंजस में
बीएसएनएल की सेवा ठीक नहीं होने से कई उपभोक्ता अभी असमंजस में हैं कि वह बीएसएनएल से जुड़ें या नहीं। उपभोक्ताओं का कहना है कि कई जगहों पर बीएसएनएल का नेटवर्क ही नहीं होता है। अगर बीएसएनएल अपनी सेवा को दुरुस्त कर दें तो निजी कंपनियों की तानाशाही समाप्त हो जाएगी।