हमीरपुर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिलेभर के सभी निजी स्कूलों की समीक्षा की होगी। समीक्षा में विद्यार्थियों के दाखिले से लेकर विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा ताकि स्कूलों के संचालन के बारे में सही रिपोर्ट तैयार की जा सके। समीक्षा के लिए प्रारंभिक और उच्चत्तर शिक्षा विभाग ने खंड स्तर पर टीम का गठन कर दिया है। टीम स्कूलों में रैंडम तरीके से जाकर सभी दस्तावेजों के साथ मुख्यत: नए सत्र में हुए विद्यार्थियों के दाखिले को लेकर जांच करेगी। जांच के बाद रिपोर्ट तैयार करके निदेशालय प्रेषित की जाएगी। इसके बाद स्कूलों को खामियों को लेकर निर्देश जारी किए जाएंगे। शिक्षा विभाग की ओर से प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में स्कूलों की समीक्षा की जाती है ताकि गरीब वर्ग के विद्यार्थियों को निजी स्कूलों में दाखिला सुविधा प्रदान की जा सके। निजी स्कूलों को 100 में से 25 फीसदी सीटें गरीब वर्ग के लिए निर्धारित की गई हैं, जिससे इन विद्यार्थियों को भी स्कूलों में मिलने वाली सुविधाओं का लाभ मिल सके। अधिकांश स्कूल प्रमुख नियमों को ताक पर रखकर मध्य वर्ग के विद्यार्थियों को स्कूल में दाखिला दे देते हैं ताकि विद्यार्थी फीस दें सकें। स्कूलों की समीक्षा के लिए विभाग की ओर से निरीक्षण करवाया जा रहा है। वर्तमान में जिलेभर में 280 के करीब निजी स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। इन स्कूलों में छह टीमें निरीक्षण करेंगी।
निजी स्कूलों की समीक्षा के लिए खंड स्तर पर कमेटियों का गठन कर लिया गया है। ये कमेटियां स्कूल स्तर पर जाकर विद्यार्थियों के दाखिले के साथ सभी अन्य सुविधाओं की जांच करेंगी। -राजेश भाटिया, कार्यकारी उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर