जाहू(हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू में वीरवार को जिला स्कूली क्रीड़ा संघ की जोनल स्तरीय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उच्च शिक्षा उपनिदेशक डॉ. एमआर चौहान ने की।
उन्होंने समस्त स्कूल मुखियों और शारीरिक शिक्षकों से आह्वान किया कि इस वर्ष होने वाली जोनल, जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अच्छे खिलाड़ी तैयार करें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 की खेलकूद प्रतियोगिता में जिला का शानदार प्रदर्शन रहा है।
बैठक में जिला सहायक शारीरिक अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने बीते सत्र की खेलकूद प्रतियोगिता की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि 65 खिलाड़ियों ने राष्ट्र स्तर पर हिमाचल का प्रतिनिधत्व करके प्रदेश और जिला का नाम रोशन किया है। वहीं, सात खिलाड़ियों ने राष्ट्र स्तर पर मेडल जीते और राज्यभर में आयोजित प्रतियोगिताओं से 12 ट्राॅफियां अपने नाम की हैं।
बैठक में वर्ष 2024-25 में हुई जोनल व जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सफल आयोजन में हुए आय-व्यय का ब्योरा भी प्रस्तुत किया गया। इसमें समस्त सदस्यों ने अपनी सहमति प्रकट की। इसके बाद भोरंज ब्लॉक के अंडर-19 लड़कों व लड़कियों के जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए वैन्यू तय किया गया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू में अंड़र-19 लड़कियों की हमीरपुर और भोरंज जोन और भोरंज जोन की लड़कों की खेलकूद प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मैहल में करवाने का निर्णय लिया गया। बैठक में जिला क्रीड़ा संघ के सदस्य तेज सिंह, अशोक कुमार, चमन लाल, अनिल डोगरा, रमेश ठाकुर, डीपी जगदीश, दिनेश कुमार, राजकुमार, पीईटी विवेक आदि उपस्थित रहे।