संवाद न्यूज एजेंसी
रंगस (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के शाखा डाकघर बलडूहक में तैनात शाखा डाकपाल को तकनीकी गलती के कारण वर्ष 2,006 के बाद से कम वेतन मिल रहा है। जिससे शाखा डाकपाल पवन कुमार काफी परेशान है।
उन्होंने डाक विभाग में एक अप्रैल 1,995 को शाखा बलडूहक में ज्वाइन किया था। उस समय बेसिक वेतन 535 रुपये था। पांच घंटे की तनख्वाह विभाग द्वारा दी जाती थी और वर्ष 2,006 तक यह राशि तनख्वाह के रूप में मिलती रही। लेकिन फिर वर्ष 2,006 में पे-कमीशन की रिपोर्ट आने के बाद लिपकीय गलती के चलते 2006 से लेकर अब तक चार घंटे की तनख्वाह मिल रही है।
उस समय के हिसाब से उन्हें 600 रुपये प्रतिमाह आर्थिक नुकसान हो रहा था। लेकिन वर्तमान समय में 2,000 रुपये प्रतिमाह का आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि तकनीकी गलती के कारण वेतन में आई विसंगति को दूर किया जाए और अन्य शाखा डाकपाल की तर्ज पर पांच घंटे ड्यूटी का समय निर्धारित करके उनके समान वेतन दिया जाए।
इस बारे कई बार डाक विभाग को पत्राचार किया लेकिन समस्या का कोई भी समाधान विभाग ने नहीं किया। प्रवर अधीक्षक डाक विभाग हमीरपुर रामकृष्ण चौधरी ने बताया कि कर्मी की फाइल को देखकर ही कुछ कहा जा सकता है और यदि कर्मी ने विभाग के साथ पत्राचार किया होगा तो विभाग की ओर से जवाब भी अवश्य गया होगा।