भोरंज (हमीरपुर)। बाल विकास परियोजना भोरंज के अंतर्गत वृत्त जमली के आंगनबाड़ी केंद्र मनोह में वीरवार को नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) सुनील कुमार, वृत्त पर्यवेक्षक अभिषेक कुमार, खंड पोषण समन्वयक अक्षय महाजन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
सीडीपीओ सुनील कुमार ने कहा कि इस वर्ष पोषण माह ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक पोषण और स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाना आवश्यक है।
बच्चे के जीवन के पहले 1000 दिन उसके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि रागी पोषक तत्वों से भरपूर मोटा अनाज है, जो बच्चों के संतुलित पोषण में सहायक है।
रागी से तैयार पौष्टिक व्यंजन बच्चों के आहार में विविधता लाने के साथ पोषण स्तर बेहतर करने में मदद कर सकते हैं। वृत्त पर्यवेक्षक अभिषेक कुमार ने पोषण माह को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्रामीण लाभार्थियों के सहयोग की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी, स्वस्थ बच्चे, स्वस्थ परिवार’ के संदेश के साथ हुआ।