हमीरपुर शहर में दोपहर के समय कूड़ा उठाती नप की गाड़ी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के सभी वार्डों में सुचारू रूप सफाई व्यवस्था न होने से लोगों, दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद हमीरपुर की ओर से रखे सफाई कर्मचारी मर्जी से कूड़ा उठा रहे हैं।
इससे दिनभर सड़कों के कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने शहर में दोपहर ढाई बजे कूड़ा उठाया। ढाई बजे मुख्य बाजार में कूड़े की गाड़ी घुसी। इससे बाजार में आवाजाही कर रहे लोगों को भी परेशानी हुई।
नगर परिषद की ओर से कूड़ा उठाने का समय नौ बजे रखा गया है लेकिन सफाई कर्मचारी मनमर्जी से कूड़ा उठा रहे हैं। इससे पूरा दिन सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। इससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। लोग हर माह नगर परिषद को कूड़ा उठाने के लिए शुल्क देते हैं लेकिन सफाई व्यवस्था सही न होने से लोगों में रोष है।
इस संदर्भ में नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज मिन्हास का कहना है कि सफाई कर्मचारियों को समय पर कूड़ा उठाने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय पर कूड़ा उठा लिया जाएगा।