भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत कक्कड़ में पिछले तीन माह से चल रही पानी की किल्लत से ग्रामीणों में आक्रोश है। पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने बुधवार को भोरंज एसडीएम स्वाति डोगरा को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों में आशा, सुलोचना, बिमला, राज कुमार, सुमना देवी, उर्मिला देवी का कहना है कि क्षेत्र के सभी पेयजल स्रोत, हैंडपंप, बावड़ी, कुएं सूख चुके हैं। इससे गांव में सभी लोग पेयजल के लिए नलों पर निर्भर हो गए हैं, लेकिन पिछले तीन माह से ग्रामीण पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। नलों में पानी बहुत की कम मात्रा आ रहा है।
मात्रा कम होने से एक समय में पानी बाल्टी भरना तक मुश्किल हो गया है, जिससे उन्हें प्रतिदिन पेयजल के लिए टैंकर मंगवाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल की समस्या होने पर जल शक्ति विभाग के सभी अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन कोई हल नहीं निकला और विभाग के अधिकारी भी आनाकानी कर रहे हैं। इसलिए ग्रामीणों ने एसडीएम को भोरंज कार्यालय में आकर ज्ञापन सौंपा है।
ग्रामीणों ने बताया कि शीघ्र उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे चक्का जाम करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। उधर, इस बारे एसडीएम भोरंज स्वाति डोगरा ने कहा कि कक्कड़ गांव में पानी की समस्या को ध्यान में रखते हुए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को हर चौथे दिन पानी देने के निर्देश दिए गए हैं।