प्रचंड गर्मी में बिना पंखे के बैठना हो गया है मुश्किल, खंभे पर गिर गई सफेदे की टहनियां
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय में बार-बार लग रहे अघोषित बिजली कटों से लोग परेशान हैं। इतनी प्रचंड गर्मी में बार-बार बत्ती गुल हो जा रही है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले में दो दिन से अघोषित बिजली कट लग रहे हैं। जबकि, सोमवार को मरम्मत कार्य के चलते पूरा दिन बत्ती गुल रही थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब मरम्मत कार्य के लिए पूरा दिन बिजली आपूर्ति बंद रखी तो अगले ही दिन कैसे अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। इतनी गर्मी में बिना पंखे के बैठना मुश्किल हो गया है।
दिन भर बिजली के कट लग रहे हैं। बुधवार को भी तीन से चार बार बिजली के अघोषित कट लगे। एक-एक घंटा आपूर्ति बाधित रही। शाम को डांगक्वाली के पास लगे खंभे में जंपर जलने से जोर से धमाका हुआ। खंभे पर सफेदे के पेड़ की टहनियां गिर गईं। इससे करीब दो घंटे बत्ती गुल रही। इस बारे में बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता विपिन कुमार ने कहा कि खंभे पर सफेदे के पेड़ की टहनी गिर गई थीं, इससे बिजली बाधित हुई।