हिम आंचल पेंशनर्स संघ की बैठक में उपस्थित पेंशनर। स्रोत : संघ
हमीरपुर। हिम आंचल पेंशनर संघ की जिला इकाई की बैठक सोमवार को पेंशनर भवन हमीरपुर में जिला प्रधान देव राज पटियाल की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में पेंशन संशोधन एरियर, संशोधित ग्रेच्युटी, लीव-एनकैशमेंट और महंगाई भत्ते की लंबित किस्तें जारी न होने पर रोष जताया गया। उन्होंने जल्द लंबित देनदारियां जारी करने की मांग की है।
हालांकि पेंशनरों ने उम्मीद जताई कि सरकार 15 अगस्त को इन भुगतानों को लेकर आदेश जारी करेगी। प्रदेशाध्यक्ष केसी गौतम ने कहा कि संघ लंबित देनदारियों के भुगतान को लेकर सरकार से लगातार पत्राचार कर रहा है। 21 जून और 15 जुलाई को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पेंशन संशोधन एरियर, ग्रेच्युटी और लीव-एनकैशमेंट समेत अन्य मांगें उठाई गईं।
उन्होंने ऑनलाइन जीवित प्रमाणपत्र जमा करने में आ रही दिक्कतों का मुद्दा भी उठाया। गौतम ने कहा कि चलने-फिरने में असमर्थ और आधार स्कैन नहीं हो पाने वाले बुजुर्गों के लिए पुराने तरीके से फार्म के माध्यम से जीवित प्रमाणपत्र जमा करने की सुविधा बहाल की जाए।
बैठक में मुख्य संरक्षक योगराज शर्मा, वित्त सचिव शंभू राम जसवाल, मुख्य संगठन सचिव पुरुषोत्तम दास शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान रंजीत सिंह ठाकुर और सुरेश शास्त्री सहित 70 पेंशनर मौजूद रहे।