सस्ते राशन की दुकानों में दिसंबर माह के राशन का कोटा तो दूर, जनवरी माह के राशन का कोटा भी नहीं मिल पाया है। राशन लेने डिपुओं में पहुंचे उपभोक्ताओं को इस माह भी आधा अधूरा राशन लेकर लौटना पड़ रहा है। डिपुओं में पूरा राशन न मिलने पर उपभोक्ताओं ने खाद्य आपूर्ति विभाग और सिविल सप्लाई कार्पोरेशन की कार्यप्रणाली पर रोष जताया है।
उपभोक्ता में सुरेश कुमार, अशोक कुमार, नवीन कुमार, प्रदीप कुमार, करतार चंद, अनीता का कहना है कि दिसंबर माह में डिपुओं में आटा, चावल और नमक ही मिल पाया है। डिपो होल्डरों ने चीनी और दालों का कोटा जनवरी माह में इकट्ठा देने का हवाला दिया था। इस माह उपभोक्ताओं को दोबारा आटा, चावल और राजमा की दाल ही मिल पाई है। शेष दो दालें जनवरी माह में भी उपभोक्ताओं को नहीं मिलीं।
हालांकि, जनवरी माह का चीनी कोटा तो उपभोक्ताओं को नसीब हो गया है, लेकिन दिसंबर माह का चीनी कोटा पेंडिंग है। ऐसे में उपभोक्ताओं को इस माह भी बाजार से महंगी दरों पर दालें खरीदने को मजबूर होना पड़ेगा। उपभोक्ताओं ने सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि जल्द ही डिपुओं में राशन का शेष कोटा जल्द मुहैया नहीं करवाया गया तो उन्हें मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
टेंडर में देरी से सप्लाई प्रभावित हुई है। चीनी का पिछले माह का कोटा डिपो होल्डरों ने नहीं उठाया होगा। जल्द ही राशन की आपूर्ति सुचारु करवा दी जाएगी।
- जेसी वर्मा, खाद्य आपूर्ति नियंत्रक हमीरपुर