भोरंज में लोकार्पण करते पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर व अन्य।
- फोटो : Hamirpur-HP
टौणीदेवी (हमीरपुर) ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, कृषि और पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने मंगलवार को ग्राम पंचायत पंजोत में लगभग साढ़े 16 लाख की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने लगभग 53 लाख से बनने वाले नए पंचायत घर और करीब 35 लाख की अनुमानित लागत से विकसित किए जाने वाले पंचवटी पार्क की आधारशिला भी रखी।
जनसभा को संबोधित करते हुए वीरेंद्र कंवर ने कहा कि पंचवटी पार्क में बच्चों के लिए झूलों के अलावा ओपन जिम समेत अन्य सुविधाएं भी मुहैया करवाई जाएंगी। प्रदेश सरकार मनरेगा के माध्यम से गांवों के चहुमुखी विकास के लिए करोड़ों का बजट उपलब्ध करवा रही है तथा कई पंचायतें मनरेगा कनवरजेंस के माध्यम से बड़े-बड़े विकास कार्यों को भी अंजाम दे रही हैं।
इसी कड़ी में सुजानपुर के निकट भलेठ में भी एक बेहतरीन धार्मिक एवं पर्यटन स्थल विकसित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार पंचायत कार्यालयों का निर्माण अब बहुउद्देश्यीय भवनों के तौर पर कर रही है। इससे लोगों को एक ही छत के नीचे कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वीरेंद्र कंवर ने स्वयं सहायता समूह की ओर से तैयार किए गए उत्पादों का अवलोकन किया तथा इन उत्पादों की सराहना की। उन्होंने इन उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग पर जोर दिया तथा इनकी बिक्री के लिए शेड के निर्माण के लिए दस लाख तथा पंचायत के कॉमन सर्विस सेंटर के लिए पांच लाख देने की घोषणा की।