बड़सर (हमीरपुर)। ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग पंचायत सचिव संघ खंड बिझड़ी की आपात बैठक खंड अध्यक्ष दिनेश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को हुई। बैठक में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद किशन कपूर के समस्त पंचायत सचिवों के प्रति नगरोटा सूरियां में दिए बयान पर रोष प्रकट किया।
कर्मचारियों ने कहा कि किशन कपूर के उस तथ्यहीन और गैरजिम्मेदाराना बयान से समस्त पंचायत सचिवों के मनोबल को गहरी ठेस पहुंची है। सांसद ने पंचायत सचिवों और पंचायत प्रतिनिधियों को भ्रमित करने बारे जो टिप्पणी की है, वह तथ्यहीन और मनोबल गिराने वाली है। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव प्रदेश और केंद्र सरकार की विभिन्न विकासात्मक, जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और सफल तथा समयबद्ध क्रियान्वयन में अपनी पूर्ण निष्ठा से भूमिका अदा कर रहे हैं।
चाहे वह लोगों को रोजगार देने संबंधी, ग्रामीण विकास के लिए मनरेगा योजना हो या स्वच्छता से संबंधी स्वच्छ भारत मिशन हो। इसके अलावा जन कल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, उज्जवला और हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना तथा विभिन्न आवासीय योजनाओं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली का प्रचार प्रसार और क्रियान्वयन पंचायतों के माध्यम से पंचायत सचिव कर रहे हैं। सांसद ने पंचायत सचिवों की प्रस्तावनाएं सीधे तौर पर सांसद और विधायक को प्रेषित करने बारे टिप्पणी की है।
जिस पर चर्चा हुई कि यह सभी प्रस्तावनाएं ग्रामसभा सदस्यों और चुने हुए पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से सर्वसम्मति और बहुमत से पारित करवाई जाती हैं। बैठक मेें पंचायत सचिव रविंद्र कुमार, जैसी राम, मदन लाल, नरेंद्र शर्मा सहित विकास खंड के अन्य पंचायत सचिवों ने भाग लिया।