भोटा बाजार में सीवरेज पाइपलाइन के कार्य पर व्यापारियों ने जताई आपत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
भोटा (हमीरपुर)। नगर पंचायत भोटा के तहत स्थानीय बाजार में पाइपलाइन डालने के कार्य का व्यापारियों ने विरोध जताया है। लोगों का कहना है कि पहले सीवरेज प्लांट का कार्य किया जाए, उसके बाद बाजार में इस कार्य को किया। लंबे समय से यह प्रोजेक्ट अधर में लटका हुआ है। ऐसे में लोगों को संशय है कि बाजार में अगर प्लांट बनने से पहले खुदाई कर दी गई तो यहां पर लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
ठेकेदार भोटा बाजार में पाइप डालने के लिए पहुंचे तो लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया है। नगर पंचायत उपप्रधान संजय धीमान, भोटा बाजार के व्यापारियों गोपाल, अनिल धीमान, तेज सिंह पठानिया, विजय, अशोक, सुरजीत, राजकुमार, पवन, विजय ने कहा कि जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट कहा है कि बाजार में सीवरेज के पाइप तभी डाले जाएंगे जब सीवरेज प्लांट का कार्य शुरू होगा। 2015 में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 8.89 करोड़ की सीवरेज योजना स्वीकृत करवाई थी। उप प्रधान संजय धीमान का कहना है कि आठ साल का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक भोटा नगर पंचायत में सीवरेज प्लांट का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। सीवरेज के पाइप भी कुछ क्षेत्र में बिछाए गए हैं। चैंबर भी बनकर तैयार हो चुके हैं। सीवरेज प्लांट के लिए जगह का चयन भी हो चुका है। भूमि मालिक को जमीन का मुआवजा नहीं दिया गया है, जिसके चलते कार्य अटका हुआ है। उप प्रधान संजय धीमान का कहना है कि सीवरेज प्लांट का कार्य शुरू होगा तो बाजार में पाइप डालने के कार्य का नगर पंचायत की तरफ से भी समर्थन होगा। चाहे इस कार्य के लिए बाजार भी बंद करना पड़े। नगर पंचायत भोटा की अध्यक्ष सपना सोनी का कहना है कि सीवरेज प्लांट बनने के बाद ही भोटा बाजार में सीवरेज के पाइप डाले जाएंगे।