निजी बस में चालक ड्राइविंग करते समय कर रहे फोन का इस्तेमाल
कभी भी हो सकता है हादसा, यात्रियों की जान को डाला जा रहा जोखिम में
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। एक हाथ स्टीयरिंग दूसरा मोबाइल पर.. जिले में निजी बसों में कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। मोबाइल में व्यस्त चालक यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। यातायात नियमों के प्रति चालकों को जागरूक करने और पुलिस चालान की सख्ती के बावजूद कोई सुधार नजर नहीं आ रहा है। जिले में धड़ल्ले से निजी बस चालक नियमोंं की अवहेलना कर रहे हैं। यातायात विभाग और पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर तमाम अभियान चलाए जा रहे हैं लेकिन चालकों की लापरवाही से तमाम अभियान जमीन पर शून्य ही साबित हो रहे हैं।
बस अड्डा हमीरपुर से खग्गल जाने वाली बस में ड्राइविंग करते समय फोन के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। इससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है। यह बस 9:40 बजे हमीरपुर से चलती है और 10:15 बजे खग्गल पहुंचती है। सुबह के समय में यह बस पूरी तरह से सवारियों से भरी होती है। वहीं, यह बस खग्गल से 10:45 मिनट पर चलती है और हमीरपुर बस स्टैंड में 11:40 बजे पहुंचती है। इस दौरान भी यह चालक कई बार फोन पर बात करते हुए देखा जा सकता है। सवारियों की जान को जोखिम में डाला जा रहा है। लोगों रमन, प्रकाश, कमलेश आदि ने कहा कि क्षेत्र के लोग इन बसों में सफर करते हैं लेकिन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा हैं। कई बार चालक फोन पर बात करते बस चलाते हैं। इस बारे में आरटीओ हमीरपुर अंकुश शर्मा ने कहा कि इसकी जांच की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता है। यातायात नियमों की अवहेलना करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।