बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में दर्शन के लिए जाते श्रद्धालु। संवाद
बाबा बालक नाथ मंदिर में एक माह तक चले मेले विधिवत संपन्न
आज ज्येष्ठ रविवार को मंदिर में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की खूब भीड़
मंदिर परिसर में शनिवार को ही पहुंच गए हैं श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में एक माह तक चले चैत्र मेले में चढ़ावा छह करोड़ के पार हो गया है। इस दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार शीश नवाया। शनिवार के दिन चैत्र मेले विधिवत रूप से संपन्न हुए। हालांकि, ज्येष्ठ रविवार होने के कारण हजारों की संख्या में श्रद्धालु शनिवार को ही मंदिर पहुंच गए हैं। बैसाखी के दिन श्रद्धालु शाहतलाई के साथ लगते भगतपुर में स्नान करके पहले शाहतलाई में माथा टेकते हैं। उसके बाद दियोटसिद्ध में पवित्र गुफा के दर्शन करते हैं। माह भर चले मेले में बाबा बालक नाथ मंदिर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
इसके बाद भी बाबा बालक नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। ज्यादा भीड़ शनिवार और रविवार को ही होती है। मंदिर अधिकारी धर्मपाल नेगी ने कहा कि 13 अप्रैल को विधिवत रूप से मेलों का समापन हो गया और मेले शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित हुए। अबकी बार श्रद्धालुओं के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से अलग व्यवस्थाएं भी की गई थीं। चाहे फ्री टैक्सी सेवा की बात हो या दिव्यांग व बीमार लोगों के लिए अलग से रास्ते का निर्माण। गुफा दर्शनों को सुगम बनाने के साथ सस्ते दामों पर श्रद्धालुओं के लिए रोट प्रसाद उपलब्ध करवाया गया।