उपभोक्ता की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाना अधिकारों का उल्लंघन : कुलदीप
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। बिजली पेंशनर्स फोरम के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप खरवाड़ा ने स्मार्ट मीटर लगाने के लिए जारी नोटिसों पर आपत्ति जताई है। उन्होंने प्रेस बयान में कहा कि बिना पूरी जानकारी, पारदर्शिता और उपभोक्ता की सहमति के स्मार्ट मीटर थोपना उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है।
उन्होंने बताया कि बिजली अधिनियम के अनुसार उपभोक्ताओं को प्रमाणित मीटर के माध्यम से ही बिजली आपूर्ति की जानी चाहिए और किसी विशेष प्रकार के मीटर को जबरन लागू करने का प्रावधान नहीं है।
फोरम ने मांग की है कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी लागत, रखरखाव, डेटा सुरक्षा और बिलिंग प्रणाली की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए और किसी भी प्रकार की जबरदस्ती तुरंत रोकी जाए। वहीं, चेतावनी दी गई है कि मांगें न मानी गईं तो फोरम न्यायालय का रुख करेगा।