बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में प्रसाद पहुंचाने के लिए लगाई गई पाइप। संवाद
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में अब गुफा के पास श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित नहीं किया जाएगा। ट्रस्ट प्रशासन ने गुफा के पास श्रद्धालुओं की ज्यादा भीड़ जमा न हो, इसके लिए यह निर्णय लिया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण करने के लिए गुफा से नीचे एक पाइप डाला है। इसके माध्यम से बाबा बालक नाथ मंदिर के प्रांगण में रोट प्रसाद पहुंचाया रहा है और श्रद्धालु अब वहीं से प्रसाद ले रहे हैं। ऐसा करने से अब गुफा के नजदीक भीड़ जमा नहीं हो रही है। श्रद्धालुओं को दर्शन भी आसानी से हो रहे हैं। कतारें भी नहीं लग रहीं।
इससे पूर्व बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटिसिद्ध में कतारें लगी रहती थीं और श्रद्धालुओं को घंटों तक कतार में लगना पड़ता था। श्रद्धालु कुछ समय के लिए प्रसाद लेने के लिए गुफा के नजदीक ही रुके रहते थे। इसी के चलते ट्रस्ट ने यह निर्णय लिया है, जिससे श्रद्धालुओं को अब सुविधा हो रही है। बाबा बालक नाथ मंदिर ट्रस्ट और मंदिर अधिकारी धर्मपाल नेगी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह निर्णय लिया गया है। इससे श्रद्धालु दर्शन भी अच्छी तरह से कर पा रहे हैं और कम समय में श्रद्धालुओं को दर्शन हो रहे हैं। वीरवार को करीब 20000 श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचे।
समाचार : सोनम शर्मा : अश्वनी कालिया