जिलाभर के महाविद्यालयों में दाखिले की तिथि बढ़ी
पहले 15 जुलाई तक निर्धारित की गई थी तिथि
निजी कारणों से दाखिला न ले पाने वाले विद्यार्थियों को मिलेगी राहत
ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से प्रथम वर्ष में करवा सकेंगे पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिलाभर के महाविद्यालयों में स्नातक में प्रवेश के लिए विद्यार्थी 31 जुलाई तक पंजीकरण करवा सकेंगे। पूर्व में निजी कारणों के चलते दाखिला न ले पाने विद्यार्थी अब 31 जुलाई तक महाविद्यालयों में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से पंजीकरण करवा सकते हैं। पूर्व में प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए 15 जुलाई तक की तिथि निर्धारित की गई थी और 23 जुलाई से महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की कक्षाएं भी शुरू हो गई थीं। ऐसे में कुछेक विद्यार्थी निजी कारणों से दाखिला नहीं ले पाए थे। इसके चलते छात्र संगठन लगातार दाखिला तिथि को बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
छात्र संगठनों की मांग पर प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक में प्रवेश को लेकर तिथि बढ़ा दी गई है। अब विद्यार्थी बीए, बीएससी, बीकॉम सहित अन्य प्रथम वर्ष की स्ट्रीम में 31 जुलाई तक दाखिला ले सकते हैं। दाखिले की तमाम तरह की प्रक्रिया पूर्व की भांति ही रहेंगी। सभी दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद विद्यार्थी अपने मनपसंद संकाय में दाखिला ले सकते हैं। दाखिला तिथि बढ़ने से विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी। कॉलेज में एक दिन में ही दाखिला लेने के बाद विद्यार्थी कक्षाएं लगा सकेंगे। 23 जुलाई से महाविद्यालयों में कक्षाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। दाखिला तिथि हमीरपुर महाविद्यालय के साथ जिले के अन्य महाविद्यालयों में भी एक समान रूप से जारी रहेगी। अलग-अलग क्षेत्रों के विद्यार्थी अपने नजदीकी महाविद्यालयों में आकर प्रवेश ले सकेंगे। इस बारे में हमीरपुर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पटियाल ने कहा कि स्नातक में प्रवेश को लेकर तिथि बढ़ गई है। निजी कारणों से दाखिला न ले पाने छात्र कॉलेज की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से दाखिला ले सकते हैं।