हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल हमीरपुर में सामान्य ऑपरेशन सोमवार को शुरू नहीं हुए। सर्जरी विभाग ने सोमवार को सामान्य ऑपरेशन नहीं किए। विभाग को इस बारे में उच्चाधिकारियों से निर्देश नहीं मिले हैं।
बता दें कि कोविड-19 के चलते बीते सप्ताह होने वाले करीब 20 सामान्य ऑपरेशनों को स्थगित कर दिया था। इनमें पित्ताशय की पथरी, हर्निया, आंत में गांठ और महिलाओं की छाती में गांठ के ऑपरेशन शामिल हैं। अब सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में सामान्य ऑपरेशन बहाल करने के निर्देश तो दे दिए हैं, लेकिन हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में फिलहाल यह ऑपरेशन शुरू नहीं हुए हैं।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में सिर्फ जरूरी और आपातकालीन ऑपरेशन ही हो रहे हैं। अस्पताल में कोविड-19 के दौरा सोमवार और वीरवार को ही सर्जरी होती है। संक्रमण के बढ़ने के बाद इन दिनों भी सामान्य सर्जरी बंद कर दी गई है। इसके अलावा अस्पताल में रोजाना औसतन 25 के करीब माइनर सर्जरी होती है, जिनमें ड्रेसिंग भी शामिल है। दो से तीन गंभीर सर्जरी होती है। मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग की एचओडी डॉ. लक्ष्मी अग्निहोत्री ने कहा कि सामान्य सर्जरी शुरू करने के लिए उच्चाधिकारियों की तरफ से दिशानिर्देश नहीं मिले हैं।