हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के विश्रामगृह का शीघ्र ही कायापलट होगा। नगर परिषद ने इसके लिए 3 लाख का बजट पारित किया है। नगर परिषद शीघ्र ही निर्माण कार्य और मरम्मत कार्य शुरू करने जा रही है। नगर परिषद के वार्ड नंबर 2 में सालों पहले विश्रामगृह का निर्माण करवाया गया है। विश्राम गृह में एक वीआईपी सेट के अलावा 4 सामान्य सेट हैं। तीन मंजिला विश्रामगृह की वर्तमान में हालत खराब हो चुकी है। खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूट चुके हैं। जबकि, बिजली वायरिंग जगह-जगह से उखड़ चुकी है। इसके अलावा दीवारों का रंग रोगन भी खराब हो चुका है।
जिस कारण विश्राम गृह में रहने वाले लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अमर उजाला ने नगर परिषद विश्राम गृह की खस्ता हालत को पूर्व के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद हरकत में आकर नगर परिषद ने बैठक में विश्राम गृह की मरम्मत और अन्य बिजली उपकरणों को बदलने के लिए 3 लाख का बजट प्रस्ताव पारित किया। अब बजट स्वीकृत होने के बाद शीघ्र ही मरम्मत कार्य शुरू होगा। उधर, नगर परिषद हमीरपुर के जूनियर इंजीनियर अश्वनी कुमार ने कहा कि नगर परिषद की बैठक में विश्राम गृह की मरम्मत और बिजली उपकरणों को बदलने के लिए 3 लाख का बजट पारित हुआ है। इसके अलावा कार्यकारी अधिकारी के निवास के लिए भी बजट स्वीकृत हुआ है। शीघ्र ही विश्रामगृह की मरम्मत और बिजली उपकरणों को बदलने का कार्य शुरू किया जाएगा।
बॉक्स...
स्थायी ईओ है नहीं, निवास पर जुटाई सुविधाएं
नगर परिषद हमीरपुर में कार्यकारी अधिकारी (ईओ) का पद करीब दो माह से खाली चल रहा है। नगर पंचायत नादौन के सचिव को नगर परिषद हमीरपुर और नगर पंचायत भोटा का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। दूसरी ओर नगर परिषद हमीरपुर में ईओ के निवास स्थान को सुविधाओं से सुसज्जित करने का कार्य शुरू हो चुका है। ईओ निवास पर 3 बेडरूम, दो बाथरूम और एक किचन के अलावा एक बरामदा है। जिलाधीश निवास की तरह नगर परिषद के ईओ के निवास को पूरी तरह वातानुकूलित बनाया गया है। नगर परिषद ने बीते सप्ताह ही ईओ के निवास पर करीब 40000 की कीमत वाला एयर कंडीशनर स्थापित किया है।