हमीरपुर में जिला भाजपा की बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों का अभिवादन स्वीकार करते राष्ट्रीय अ
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के हमीरपुर दौरे के दौरान भाजपा से टिकट के चाहवानों की बड़ी फौज नजर आई। डॉ. राधा कृष्णनन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में सेवारत रेडियोलोजिस्ट डॉ. संजीव शर्मा और पूर्व सीपीएस की गिनती जेपी नड्डा के करीबियों में होती है। कार्यक्रम के शुभारंभ से लेकर अंत तक यह दोनों नड्डा के इर्द-गिर्द नजर आए। वहीं कौशल विकास निगम के प्रदेश समन्वयक नवीन शर्मा ने भी हमीरपुर में रविवार को आयोजित बैठक में उपस्थिति दर्ज करवाई।
यह तीनों हमीरपुर विस क्षेत्र से भाजपा से टिकट की दावेदारी जता रहे हैं। हमीरपुर से वर्तमान में भाजपा से नरेंद्र ठाकुर विधायक हैं। लेकिन, यहां से कई लोग टिकट को लेकर दावेदारी जता रहे हैं। वहीं, भोरंज से भाजपा के पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का अपने अंदाज में स्वागत किया। डॉ. धीमान का टिकट 2017 के चुनाव में मौजूदा विधायक कमलेश कुमारी को टिकट मिलने के कारण कट गया था। लेकिन, डॉ. धीमान इस बार भाजपा से हर सूरत में टिकट मांग रहे हैं। टिकट न मिलने पर वह निर्दलीय चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर कर चुके हैं। हालांकि, हमीरपुर में आयोजित बैठक में टिकट को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई, लेकिन जिस तरह से टिकट के तलबगारों ने अपने-अपने अंदाज में नड्डा से मुलाकात की है, उससे आने वाले चुनाव में टिकट को लेकर एक लंबी फेहरिस्त देखने को मिल सकती है।
वहीं, पूर्व के विधानसभा चुनाव पर नजर दौड़ाएं तो भाजपा हाईकमान का टिकट आवंटन का अपना ही फार्मूला रहा है। जब टिकट मिलती है तो दूसरे के निर्दलीय चुनाव लड़ने और बगावत की संभावना बहुत कम होती है। लेकिन, रविवार को हमीरपुर में टिकटार्थियों की नड्डा से मुलाकात के दौरान कार्यक्रम में काफी चर्चा रही।
आप चुनाव की तैयारियां करें, टिकट हम तय कर लेंगे
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों को टिप्स देते हुए कहा कि आप चुनाव की तैयारियां करें, टिकट हम तय कर लेंगे। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदेश के हरेक व्यक्ति तक पहुंचे, ताकि इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले।