पूर्व में अधर में छोड़ा था कार्य, गेट के सौंदर्यीकरण के साथ लगेंगी लाइटें
पहाड़ी शैली के स्वरूप में नजर आएगा गेट
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के अंतर्गत शिव मंदिर के साथ निर्माणाधीन गांधी गेट का निर्माण कार्य दो वर्ष बाद शुरू हो गया है। पूर्व में गेट के सौंदर्यीकरण कार्य अधर में रुका था। इससे शहर की सुंदरता को ग्रहण लग रहा था। इस मसले को अमर उजाला के 11 फरवरी के संस्करण में प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद नगर परिषद ने कड़ा संज्ञान लिया है। पूर्व में गांधी गेट के निर्माण कार्य के लिए नगर परिषद हमीरपुर ने दो वर्ष पूर्व 10 लाख रुपये का टेंडर किया था लेकिन कार्य लापरवाही के चलते रुका हुआ था।
गेट को पहाड़ी शैली का स्वरूप देने, एलईडी लाइटें लगाने का प्रस्ताव रखा गया था लेकिन धरातल पर अभी तक गेट में टाइलें लगने का ही कार्य हो पाया था। कार्य को लेकर नगर परिषद की लापरवाही लोगों के लिए परेशानी बनी हुई थी। शहरियों नरेश कुमार, अश्वनी राणा, प्रताप सिंह, आशीष शर्मा, विक्रम राणा, सुकन्या कुमारी आदि ने कहा कि नगर परिषद से गांधी गेट का मरम्मत कार्य शुरू करवाने की मांग की थी। अब नगर परिषद ने गेट के ऊपर एक हिस्से में टाइलें लगाने और स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य शुरू कर दिया है।
कोट
नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि गेट में महज लाइटें लगाने का कार्य शेष बचा हुआ था। इसे लगवाया जा रहा है। एक दो दिन के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा। शीघ्र ही गेट पहाड़ी शैली के स्वरूप में नजर आएगा।