पंचायत में पुराने पटवार भवन को गिराने का कार्य शुरू
बहुउद्देशीय भवन में विभिन्न सरकारी कार्यालय होंगे शिफ्ट, मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत जाहू में एक करोड़ की लागत से बहुउद्देशीय भवन का निर्माण किया जाएगा। इस भवन के बनने से विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों के बैठने के लिए एक छत मिलेगी। पंचायत में स्थित पुराने पटवार घर के भवन को गिराकर इस स्थान पर बहुउद्देशीय भवन का निर्माण किया जाएगा। वर्तमान में संबंधित विभाग ने पंचायत में स्थित पुराने पटवार घर को डिस्मेंटल करने का कार्य शुरू कर दिया है। पटवार घर के डिस्मेंटल होते ही बहुउद्देशीय भवन का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। भवन में लोकनिर्माण विभाग, कृषि विभाग, जल शक्ति और बिजली बोर्ड के कार्यालय शिफ्ट होंगे। इससे जाहू पंचायत के साथ आसपास के गांवों के लोगों को अपने कार्य करवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने से छुटकारा मिलेगा। वर्तमान में लोकनिर्माण विभाग का कार्यालय जाहू, बिजली बोर्ड का मुंडखर और कृषि विभाग का कार्यालय सुलगवान में चल रहा है। तीनों कार्यालयों में जाने के लिए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन, अब भवन निर्माण होने से लोगों को कार्य कराने में आसानी होगी। ग्रामीणों देश राज, हेमराज, हेमंत कुमार, पवन कुमार, राजेश कुमार, प्रदीप कुमार, कुलदीप कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायत जाहू में एक करोड़ की लागत से बहुउद्देशीय भवन बनने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
जाहू पंचायत में पटवार घर का भवन जर्जर होने पर इसे डिस्मेंटल करने का कार्य शुरू हो गया है। इसके स्थान पर बहुउद्देशीय भवन का निर्माण किया जाएगा। इसमें एक साथ आधा दर्जन सरकारी कार्यालयों को शिफ्ट किया जाएगा।
सुरेश कुमार, विधायक, विधानसभा क्षेत्र भोरंज।