हमीरपुर। लोक निर्माण विभाग हमीरपुर में मल्टी टास्क वर्करो के 294 पद भरे जाने हैं। जिले में लोक निर्माण विभाग के चार डिवीजन हैं। विभाग के पास 294 पदों के लिए 1970 आवेदन प्राप्त हुए। 325 अधूरे आवेदन रद्द हुए हैं, जबकि 1645 आवेदन सही पाए गए हैं। इनमें 1204 पुरुष, 451 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
बड़सर और टौणीदेवी डिवीजन में इन पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हमीरपुर में 25 जुलाई तक शारीरिक दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। वहीं भोरंज डिवीजन में 21 जुलाई तक शारीरिक दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुषों को 50 किलोग्राम वजन, जबकि महिलाओं को 25 किलोग्राम वजन उठाना होगा।
हमीरपुर डिवीजन में 55 पद भरे जाएंगे। यहां कुल 357 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिसमें 279 पुरुष और 78 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। 75 अधूरे आवेदन रद्द हुए हैं। इसी तरह बड़सर डिवीजन में 123 पद भरे जाने हैं। यहां कुल 417 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। 340 पुरुष और 77 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। 93 अधूरे आवेदन रद्द हुए।
टौणीदेवी डिवीजन में कुल 64 पद भरे जाने हैं। यहां कुल 315 आवेदन प्राप्त हुए हैं। 244 पुरुष, 71 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। 32 अधूरे आवेदन रद्द हुए हैं। भोरंज डिवीजन में 52 पद भरे जाने हैं। यहां 556 आवेदन प्राप्त हुए हैं। 341 पुरुष, 225 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। 125 अधूरे आवेदन रद्द हुए हैं। चारों डिवीजन की अगर तुलना करें तो भोरंज डिवीजन में सर्वाधिक महिलाओं ने इन पदों के लिए आवेदन किया है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता विजय चौधरी ने बताया कि जिले के चारों डिवीजन में मल्टी टास्क वर्करों के 294 पद भरे जाएंगे। बड़सर और टौणीदेवी डिवीजन में शारीरिक दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया पूरी हो गई है। भोरंज में 21 जुलाई और हमीरपुर डिवीजन की शारीरिक दक्षता परीक्षा 25 तक चलेगी।