बड़सर बाजार में मोडिफाइड साइलेंसर के साथ बिना नंबर प्लेट दौड़ती बुलेट मोटरसाइकिल। स्रोत जागरूक
सलौणी(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर और इसके आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों कुछ युवा मोडिफाइड साइलेंसर की बुलेट मोटरसाइकिलों से सड़कों पर हुड़दंग मचाते नजर आ रहे हैं। तेज धमाकेदार आवाज के साथ दौड़तीं यह मोटरसाइकिलें लोगों के लिए सिरदर्द बनी हुई हैं।
समस्या तब और बढ़ जाती है, जब इनमें से कई बुलेटें बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ती नजर आती हैं, जिससे उनकी पहचान कर पाना भी मुश्किल हो जाता है। बिझड़ी, मैहरे, सलोनी, चकमोह और महारल क्षेत्रों में राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को इन तेज आवाज करने वाली मोटरसाइकिलों से भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बुजुर्गों और बच्चों पर इसका सबसे अधिक असर देखा जा रहा है। कई बार अचानक तेज आवाज से लोग घबरा जाते हैं और यातायात भी बाधित होता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस व परिवहन विभाग से मांग की है कि ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस बारे में बड़सर थाना प्रभारी गुरुबख्श सिंह ने स्पष्ट कहा कि मोडिफाइड साइलेंसर लगाना और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना कानूनी अपराध है। जल्द ही क्षेत्र में जांच व नाकाबंदी अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।