लघु सचिवालय में बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम भोरंज शशिपाल शर्मा। -स्रोत : डीपीआरओ
भोरंज (हमीरपुर)। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए आयोजित जागरुकता कार्यक्रम ‘समर्थ-2024’ के तहत 1 से 15 अक्तूबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी के तहत नौ अक्तूबर को लघु सचिवालय भोरंज और 10 अक्तूबर को आईटीआई भोरंज में मॉक ड्रिल्स की जाएंगी।
यह जानकारी शनिवार को लघु सचिवालय भोरंज में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम शशिपाल शर्मा ने दी। एसडीएम ने उपमंडल के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल के लिए अपने विभागों के आवश्यक संसाधनों को तैयार रखें। मॉक ड्रिल सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उपमंडल स्तर पर आपात स्थिति से निपटने की व्यवस्था पहले से तय की गई है, जिसमें सभी विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। मॉक ड्रिल के दौरान सभी विभागों को अपने कार्यों को आपसी समन्वय से अंजाम देने के निर्देश दिए गए हैं। इन मॉक ड्रिल्स का मूल्यांकन प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, कानूनगो राज कुमार, बीडीओ कार्यालय के कनिष्ठ अभियंता वीरेंद्र ठाकुर, लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता, अग्निशमन विभाग और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।