बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को मांग पत्र सौंपते हुए। स्रोत
बड़सर(हमीरपुर)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बड़सर दौरे के दौरान विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों के संबंध में उन्हें मांगपत्र सौंपा। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, परिवहन, पर्यटन, खेल और सड़क सुविधाओं से संबंधित कई मांगें शामिल हैं।
विधायक ने मुख्यमंत्री से इन कार्यों को जल्द मंजूरी देने के साथ आवश्यक बजट उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। विधायक ने नागरिक अस्पताल बड़सर में 50 बिस्तरों वाली क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण शुरू करवाने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोटा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा देने और बिझड़ी सीएचसी में 108 व 102 एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग रखी।
उन्होंने चकमोह के शिक्षण संस्थानों का सरकारीकरण करने और बड़सर महाविद्यालय में एमए कक्षाएं शुरू करने का भी आग्रह किया। पेयजल समस्या के समाधान के लिए क्षेत्र में 50 नए हैंडपंप लगाने और भाखड़ा उठाऊ पेयजल योजना का कार्य जल्द पूरा करवाने की मांग की गई।
परिवहन सुविधा के तहत बड़सर से एम्स बिलासपुर, बिझड़ी से लुधियाना और बड़सर से चंडीगढ़ के लिए बस सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया। विधायक ने बाबा बालक नाथ रोपवे का काम शुरू करवाने और मंदिर को कैलू कटवाल मंदिर से रोपवे के माध्यम से जोड़ने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।