सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी बणी में सांसद खेल महाकुंभ का शुभारंभ करती हुईं। ?
- फोटो : Hamirpur-HP
बड़सर (हमीरपुर)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए बहुत ही सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर में उन्होंने सांसद खेल महाकुंभ जैसा बड़ा आयोजन करके एक अभिनव पहल की है।
बुधवार को बड़सर विधानसभा क्षेत्र के बणी में सांसद खेल महाकुंभ के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सरवीण चौधरी ने कहा कि इस महाकुंभ के बहुत ही दूरगामी परिणाम सामने आएंगे तथा हिमाचल प्रदेश के युवा खेलों में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
बड़सर विधानसभा क्षेत्र के खेल महाकुंभ में पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच धंगोटा और चकमोह की टीम के बीच खेला गया। इसमें धंगोटा ने 33-19 से जीत दर्ज की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा, सांसद खेल महाकुंभ के सह-संयोजक नरेंद्र अत्री, जिला परिषद सदस्य संजीव शर्मा, जिला महामंत्री अभयवीर लवली, बड़सर भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, वरिष्ठ भाजपा नेता आदर्शकांत, बीडीसी अध्यक्ष मंजू देवी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सरवीण चौधरी ने स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत 8 गरीब परिवारों को मकान निर्माण के लिए कुल साढ़े दस लाख रुपये के चेक वितरित किए। शगुन योजना के तहत पांच लड़कियों की शादी के लिए 31-31 हजार रुपये, अंतरजातीय विवाह पुरस्कार योजना की एक लाभार्थी को पचास हजार रुपये का चेक और बेटी है अनमोल योजना की चार लाभार्थियों को 12-12 हजार रुपये की एफडी के दस्तावेज भी भेंट किए।