रंगस (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत नौहंगी के प्रधान बलवंत सिंह ने बलाहर और खैरी गांवों के साथ ही अन्य स्थानों पर रहने वाले प्रवासियों को पुलिस थाना में पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए हैं। पंचायत प्रधान ने प्रवासियों को उपायुक्त हमीरपुर की ओर से गत माह जारी आदेशों के अनुसार सात दिन के भीतर पुलिस थाना नादौन में अपना पंजीकरण करवाने के लिए कहा है।
बलवंत सिंह ने कहा कि कई प्रवासी लोग पुलिस थाना में अपना पंजीकरण नहीं करवा रहे हैं। पंजीकरण के अभाव में वह आसानी से किसी भी आपराधिक घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते हैं। ऐसे मामलों को सुलझाना पुलिस के लिए मुश्किल हो जाता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त हमीरपुर हेमराज बेरवा ने धारा 144 के तहत जिला हमीरपुर के अंतर्गत रहने वाले प्रवासी लोगों का पंजीकरण सुनिश्चित करने बारे गत माह आदेश भी जारी किए थे।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक हमीरपुर की ओर से भी आदेश मिले हैं। ऐसे व्यक्तिगत तौर पर गांव बलाहर और खैरी में प्रवासियों की झुग्गियों में जाकर उनसे पंजीकरण करवाने का आग्रह किया है। वहीं, अस्थायी तौर पर शरण देने वाले भूमि मालिकों, मकान मालिकों और ठेकेदारों को भी उनका पंजीकरण करवाने के लिए कहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में 109 के करीब प्रवासी परिवार नौहंगी पंचायत में रह रहे हैं। इनमें से अधिकतर ने पुलिस थाना नादौन में पंजीकरण नहीं करवाया है। अब सभी प्रवासियों के पंजीकरण और प्रमाण पत्रों का निरीक्षण किया जाएगा और यदि किसी ने पंजीकरण नहीं करवाया होगा, तब उसके विरुद्ध आगामी कार्रवाई के लिए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक हमीरपुर को लिखा जाएगा।