संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिलाभर के 705 स्कूलों में अब शिक्षकों को ऑनलाइन हाजिरी लगाने में परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। शिक्षकों की सुविधा के लिए सप्ताह में दो बार विद्या समीक्षा केंद्र (बीएसके) पोर्टल को मॉनिटरिंग के लिए खोला जाएगा।
पोर्टल की मॉनिटिरिंग प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय से होगी। इसके उपरांत रिपोर्ट शिक्षा निदेशालय को प्रेषित की जाएगी।
माॅनिटरिंग के दौरान जिला स्तर पर ही कर्मचारी शिक्षकों को हाजिरी लगाते समय आने वाली परेशानियों को आसानी से सुलझा सकेंगे। शिक्षकों की सुविधा के लिए विभाग की ओर से दो कर्मचारियों को पोर्टल की माॅनिटरिंग और व्यवस्था के लिए प्रशिक्षण दिया गया है।
प्रशिक्षण लेने वाले कर्मचारी पोर्टल पर हाजिरी के टाइम से लेकर विद्यार्थियों के रिकॉर्ड और हाजिरी के डाटा को व्यवस्थित करने का कार्य करेंगे। वर्तमान में जिलेभर के 705 प्राथमिक से लेकर माध्यमिक स्कूलों में 3829 शिक्षक और 41,493 विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से हाजिरी लगा रहे हैं, लेकिन कुछेक समय से तकनीकी कारणों के चलते पोर्टल पर शिक्षकों को हाजिरी लगाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पोर्टल पर दिक्कत के चलते शिक्षकों को हाजिरी लगाने के लिए ऑफलाइन रजिस्टरों का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में शिक्षक बार-बार शिक्षा विभाग से समस्या का समाधान करने की मांग कर रहे थे। समस्या का समाधान करने के लिए अब निदेशालय स्तर की बैठक में शिक्षकों की सुविधा के लिए कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है, जो हाजिरी लगाने में सहायता प्रदान करेंगे। स्कूलों में शिक्षकों को सुबह 10:30 बजे तक विद्यार्थियों के साथ अपनी हाजिरी अपलोड करनी होगी।
इसके उपरांत प्रारंभिक उपनिदेशक कार्यालय से उसकी माॅनिटरिंग होगी।