हमीरपुर। करवाचौथ का पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। बाजारों में सरगी के स्टॉल सजने शुरू हो गए हैं। कहीं महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार सरगी की सामग्री चुन रही हैं, तो कहीं परिवार की परंपरा और जरूरत के मुताबिक खरीदारी हो रही है।
दुकानों पर बढ़ती चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। शहर में इन दिनों सरगी की कीमत करीब 160 से 250 रुपये प्रति किलो तक चल रही है। व्यापारी करवाचौथ नजदीक आने के साथ बिक्री बढ़ने की उम्मीद जता रहे हैं।
उनका कहना है कि महिलाएं अपनी पसंद, जरूरत और बजट के अनुसार सरगी खरीद रही हैं। आने वाले दिनों में खरीदारी में और तेजी आने की संभावना है। इस बार 29 अक्तूबर को करवाचौथ मनाया जाएगा।
पर्व को लेकर बाजारों में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। करवाचौथ पर सरगी का विशेष धार्मिक और पारंपरिक महत्व है। महिलाएं व्रत के दिन सूर्योदय से पहले सरगी खाती हैं और इसके बाद निर्जला व्रत रखती हैं। शाम को चंद्रमा के दर्शन और पूजन के बाद पति के हाथों पानी पीकर व्रत खोलती हैं।
इसी परंपरा के चलते सरगी में ऐसी खाद्य सामग्री शामिल की जाती है, जिससे दिनभर ऊर्जा बनी रहे। पर्व की तैयारियों में जुटी महिलाएं सरगी की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह दिखा रही हैं।
-
कुछ दिन पहले ही सरगी का स्टॉक आया है। अभी स्टॉक आना बाकी है। उम्मीद है कि त्योहारी सीजन में अच्छा कारोबार होगा।
-अक्षय चोपड़ा, दुकानदार हमीरपुर
अभी कुछेक महिलाएं ही खरीदारी कर रही हैं। जैसे-जैसे करवाचौथ नजदीक आएगा, सरगी की खरीदारी बढ़ेगी।
-राजेश शर्मा, दुकानदार, अवाहदेवी
करवाचौथ के लिए बाजार में लगा सरगी का स्टॉल। संवाद
करवाचौथ के लिए बाजार में लगा सरगी का स्टॉल। संवाद