बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के तहत मैहरे बाजार अव्यवस्थाओं के बीच कूड़े के ढेर में तब्दील होता जा रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर इसके लिए कौन जिम्मेवार है। स्थानीय प्रशासन या लोग।
बड़सर में कूड़े के निपटान की व्यवस्था न होने के कारण लोग खुले में कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं। लोगों को जहां पर स्थान मिलता है, वहां पर कूड़े के ढेर लगा देते हैं। कूड़े का निपटान न होने के कारण बाजार का अधिकांश हिस्सा कूड़े के ढेर पर बदला नजर आ रहा है। केनरा बैंक से आगे बड़सर सड़क पर स्थित पेट्रोल पंप की ओर, मैहरे से धनेटा सड़क पर वन विभाग की जमीन पर करीब 100 मीटर क्षेत्र में कूड़े के ढेर देखे जा सकते हैं।
इन कूड़े के ढेरों पर जंगली जानवर व बंदर मुंह मारते नजर आते हैं। कई बार यह बंदर कूड़े से भरे लिफाफों को सड़क पर बिखेर देते हैं, जिससे गंदगी अधिक फैल रही है। विभागीय अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी इन कूड़े के ढेरों से अनभिज्ञ नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद अधिकारी आंखें मूंदकर बैठे हुए हैं।
व्यापार मंडल ने अपने स्तर पर कूड़े के निपटान की व्यवस्था की हुई है। व्यापार मंडल गारली से लेकर केनरा बैंक तक तथा आसपास की कॉलोनियों सहित लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र में प्रतिदिन सफाई करवाने का दावा किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद कई स्थानों पर कूड़े के ढेर देखे जा सकते हैं।
मैहरे क्षेत्र चार पंचायतों में बंटा हुआ है, जिससे कई बार जिम्मेदारी तय न होने के कारण समस्या और बढ़ जाती है। मैहरे बाजार में लगभग 200 से अधिक दुकानें हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं।
पंचायत स्तर पर कूड़ा व्यवस्था न होने के कारण लोग खुले में कूड़ा फेंक जाते हैं। इन पर अंकुश लगाने के लिए किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं है। इससे क्षेत्र में गंदगी का माहौल बनता जा रहा है। प्रशासन को चाहिए कि वह कूड़ा उठाने की व्यवस्था को लागू करे।
-राजेश आर्यन, दुकानदार, मैहरे
बाजार में व्यापारियों ने अपने स्तर पर कूड़े के निपटान की व्यवस्था की हुई है। डंपिंग साइट न होने के कारण व्यापार मंडल को भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। लोगों को चाहिए कि वह खुले में कूड़ा फेंकने के स्थान पर प्रशासन से कूड़े के निपटान को लेकर प्रबंध करने को कहें।
-कुलदीप चंद, दुकानदार मैहरे
केनरा बैंक से आगे और पेट्रोल पंप की ओर जाते हुए कई स्थानों पर कूड़े के अंबार लगे हैं। कई बार बंदर कचरे को सड़क पर फैला देते हैं। इससे दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अगर प्रशासन का सहयोग हो तो सफाई व्यवस्था को सुधारा जा सकता है।
-राकेश शर्मा, दुकानदार मैहरे
प्रतिदिन लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र में सफाई करवाई जाती है। कुछ लोग खुले में कचरा फेंक देते हैं, जिससे समस्या बनी रहती है। पर्याप्त बजट न होने के कारण कुछ हिस्सों में नियमित सफाई कर पाना कठिन हो जाता है। इसके बावजूद व्यापार मंडल का प्रयास है कि बाजार साफ-सुथरा रहे।
-सतीश राठौर, उपप्रधान व्यापार मंडल बड़सर।
कोट्स :
बीडीओ को निर्देश दिए जाएंगे कि सभी पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को तुरंत प्रभाव से सुधारा जाए। स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि कहीं भी कोताही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -स्वाति डोगरा एसडीएम बड़सर
मामला संज्ञान में आया है। चारों पंचायतों के सचिवों को सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्हें अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे। -राजेश कुमार, बीडीओ बिझड़ी
उपमंडल बड़सर के तहत मैहरे बाजार में केनरा बैंक के आगे सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर। संवाद
उपमंडल बड़सर के तहत मैहरे बाजार में केनरा बैंक के आगे सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर। संवाद
उपमंडल बड़सर के तहत मैहरे बाजार में केनरा बैंक के आगे सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर। संवाद
उपमंडल बड़सर के तहत मैहरे बाजार में केनरा बैंक के आगे सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर। संवाद
उपमंडल बड़सर के तहत मैहरे बाजार में केनरा बैंक के आगे सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर। संवाद
उपमंडल बड़सर के तहत मैहरे बाजार में केनरा बैंक के आगे सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर। संवाद