कूड़े से बनी खाद बेचने में नगर परिषद नाकाम
शहरभर में नहीं बिक पा रही कूड़े से तैयार की गई खाद
नगर परिषद हमीरपुर ने कूड़े से तैयार की है करीब पांच टन खाद
पांच रुपये प्रति किलो कीमत होने पर भी लोग नहीं दिखा रहे रुचि
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर डोर टू डोर कूड़ा एकत्रित कर तैयार की गई जैविक खाद को बेचने में नाकाम साबित हो रही है। नगर परिषद के ट्रीटमेंट प्लांट में शहरी विकास विभाग ने लाखों रुपये की लागत से मशीनरी स्थापित की है ताकि जैविक खाद तैयार हो सके और बाद में इस खाद को बेचकर नगर परिषद अपनी आय के स्रोत बढ़ा सके। लेकिन, स्थानीय लोग जैविक खाद को खरीदने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं और नगर परिषद इस खाद को बेचने में खास प्रयास नहीं कर पा रही है। ऐसे में कूूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट में खाद का ढेर प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है लेकिन खाद को बेचने में नगर परिषद को काफी परेशानी हो रही है।
वर्तमान में नगर परिषद हमीरपुर ने अपने 11 वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा एकत्रित करके सड़े गले कूड़े की करीबन पांच टन खाद तैयार कर ली है। लोग इस खाद को खरीदने के लिए आगे नहीं आ रहे। सड़ी सब्जियों, फलों, कागजों आदि से नगर परिषद खाद तैयार करती है। इसे पांच रुपये प्रति किलो के हिसाब से लोगों को बेचती है। अब इस तैयार खाद को बेचने में नगर परिषद असमर्थ दिख रही है। खाद का प्रयोग लोग खेतों, क्यारियों आदि में कर सकते हैं। जैविक खाद में किसी भी प्रकार के केमिकल नहीं डाले जाते हैं। खाद न बिकने से नगर परिषद को आर्थिक हानि हो रही है। इस बारे में नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि नगर परिषद ने खाद तैयार की है और इसे पांच रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक एक टन के करीब खाद बेची जा चुुकी है। उन्होंने लोगों से खाद खरीदने का आग्रह किया है।