Leopard terror in Ropri, hunting lamb in broad daylight
भोरंज (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत कड़ोहत के रोपड़ी गांव में तेंदुए की दहशत से लोगों में खौफ है। मंगलवार सुबह तेंदुए ने हमला कर भेड़ के मेमने को मार दिया, जबकि भेड़ को घायल कर दिया है। राजू पुत्र रणजीत सिंह ने मंगलवार सुबह करीब आठ बजे गोशाला से भेड़ और मेमने को बाहर बांधा था। उसी समय घात लगाए तेंदुए ने भेड़ और मेमने पर हमला बोल दिया।
राजू वहां से जान बचा कर भाग गया और अन्य ग्रामीणों को लेकर वापस वहां आया। तब तक तेंदुआ भेड़ को घायल कर चुका था और मेमने को ले गया था। लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ कुछ दूरी पर मेमने को छोड़ गया, लेकिन तब तक मेमना मर चुका था। जबकि, भेड़ घायल थी। ग्रामीणों ने कड़ोहता पशु चिकित्सालय से चिकित्सक सतीश कुमार को बुलाया। जिन्होंने उपचार देकर भेड़ को बचा लिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है।
पंचायत के पूर्व प्रधान वीर सिंह रणौत ने बताया कि गरीब परिवार को नुकसान हुआ है। हालांकि, डॉक्टर के आने के बाद भेड़ को बचा लिया गया है। उधर, वन खंड अधिकारी जगत राम ने बताया कि विभाग के कर्मचारी मौके पर गए। भेड़ के बच्चे को तेंदुए ने मार दिया है। इस पर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा। लोगों की मांग पर शीघ्र क्षेत्र में पिंजरा लगवा दिया जाएगा। फिर भी लोग एहतियात बरतें व इकट्ठे होकर ही खेतों व अपने कार्य करने निकलें।