हमीरपुर। रामपुर में 6 से 9 फरवरी 2020 तक होने वाली सीनियर पुरुष और महिला राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिला हमीरपुर कबड्डी संघ राजकीय माध्यमिक पाठशाला घिरथेड़ी, हमीरपुर में 25 जनवरी को सुबह नौ बजे से ट्रायल होगा। जो खिलाड़ी इस ट्रायल में भाग लेना चाहते हैं, उन्हें अपने साथ आधारकार्ड, स्थायी प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज के तीन फोटो साथ लाने होंगे। हमीरपुर जिला के स्थायी निवासी ही इस ट्रायल में भाग ले सकते हैं।
जिला के बाहर का कोई भी खिलाड़ी इस ट्रायल में भाग नहीं ले सकता है। इस ट्रायल में भाग लेने के लिए पुरुष वर्ग का वजन 85 किलोग्राम और महिला वर्ग वजन 75 किलोग्राम से अधिक नहीं होना चाहिए। चयनित टीमों का कोचिंग कैंप 27 जनवरी से 5 फरवरी तक चलेगा। यह कोचिंग कैंप वरिष्ठ कोच पूर्ण चंद कटोच की देखरेख में चलाया जाएगा। 6 फरवरी की सुबह चयनित टीमें राज्यस्तरीय प्रतियोगिता खेलने के लिए रामपुर को रवाना होंगी। हमीरपुर कबड्डी संघ के प्रधान अमित ठाकुर ने कहा कि इच्छुक खिलाड़ी ट्रायल में भाग ले सकते हैं। इस मौके पर संघ के महासचिव आशीष शांडिल्य, कोषाध्यक्ष विकास ठाकुर एवं अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।