परिवहन निगम से उठाई बस सेवा दोबारा बहाल करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
जंगलबैरी (हमीरपुर)। एचआरटीसी हमीरपुर डिपो की जंगलबैरी-जालंधर बस सेवा लंबे समय से बंद है, इस कारण यात्री परेशान हैं। बस जंगलबैरी से सुबह 7:00 बजे के करीब वाया कक्कड़, हमीरपुर जालंधर के लिए निकलती थी और रात को 10:30 बजे जालंधर से हमीरपुर के चलती थी। जंगलबैरी-कक्कड़ रूट पर यह जालंधर के लिए सीधी बस सेवा थी। इस बस से यात्री आसानी से जालंधर के लिए रवाना होते थे।
हालांकि इस रूट पर निजी बसों के साथ-साथ कुछ सरकारी बसें भी चलती हैं, लेकिन जालंधर जाने के लिए लोगों को सुजानपुर या हमीरपुर आकर बस लेनी पड़ती है। यात्रियों में चंद्रकांत, रेखा देवी, अमी चंद, कालीदास, जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस रूट पर शिमला और जालंधर के लिए सीधी बस सेवा थी। जालंधर की बस को बंद कर दिया है। सीधी बस सेवा बंद होने के कारण कभी-कभी उन्हें निजी टैक्सियों का भी सहारा लेना पड़ता है। उन्होंने एचआरटीसी निगम प्रबंधन से आग्रह किया है कि इस बस रूट को दोबारा बहाल किया जाए। एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि मामला ध्यान में आया है। बस के रूट और समयसारिणी के बारे में जानकारी एकत्रित की जाएगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखा जाएगा।