डिपो धारकों को हिम चक्की आटा और दलिया खरीदने पर किया जा रहा मजबूर: अशोक
हिम चक्की आटे की कीमत 100 रुपये प्रति किलो और दलिया 115 रुपये प्रति किलो होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मक्की के आटे के बाद अब गेहूं के चक्की आटे और दलिया की बिक्री को लेकर भी राशन डिपुओं में चिकचिक शुरू हो गई है। हिम चक्की आटे और दलिया 100 और 115 रुपये प्रतिकिलो की दर से बेचा जाना तय है। इस आटे का स्टाॅक सिविल सप्लाई से राशन डिपो में भेजा जा रहा है। बाकायदा कई जिला में खाद्य आपूर्ति विभाग इसकी बिक्री को लेकर डिपो संचालकों को गाइडलाइन जारी कर चुका है। वहीं, खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के गोदामों से डिपो धारकों को हिम चक्की आटा व दलिया भेजने का समिति ने कड़ा विरोध जताया है।
प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कवि ने सोमवार को मीडिया को दिए बयान में कहा कि खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम गोदामों से डिपो धारकों को मांग के बिना ही दलिया और आटा भेज रहा है। इसके लिए प्रदेश के कई ज़िला नियंत्रकों ने विभागीय निरीक्षकों को लिखित में आदेश ज़ारी किए हैं कि प्रत्येक डिपो धारक को यह आटा और दलिया निगम के गोदामों से उठाना आवश्यक होगा।
उन्होंने कहा कि अनुदान पर मिलने वाले खाद्य पदार्थ जो निगम के गोदामों से उपभोक्ताओं के लिए डिपुओं को भेजे जाते हैं । उन खाद्य पदार्थों को भी सभी उपभोक्ता नहीं लेते हैं तो फिर इतने मंहगे आटा और दलिया कौन खरीदेगा। निगम द्वारा डिपुओं पर भेजे गए खाद्य पदार्थ न बिकने की वजह से न तो डिपो धारकों को उनकी ओर से खर्च किया गया पैसा मिलता है और न ही कमीशन। अशोक कवि ने विभाग और सरकार से मांग की है कि डिपो धारकों की मांग के बिना कोई भी खाद्य सामग्री डिपुओं पर न भेजी जाए। विभाग की ओर से डिपो धारकों को जबरन बिक्री के लिए विवश न किया जाए।
उपभोक्ता जबरन आटा बेचने की कर चुके हैं शिकायत
अशोक कवि ने कहा कि इससे पहले भी निगम की ओर से डिपुओं को मक्की का आटा डिपो धारकों की मांग के बिना भेजा गया था जिसकी कीमत 50 रुपये प्रति किलोग्राम थी जिसे डिपो धारकों ने अपने उपभोक्ताओं को उनकी मर्जी के बिना दिया था। इसकी शिकायत उपभोक्ताओं ने उच्च अधिकारियों से की थी और अब विभाग डिपो धारकों की मांग के बिना हिम चक्की आटा व दलिया भेजने का दबाव डिपो धारकों पर बना रहा है जो कि तर्कसंगत नहीं है।
हमीरपुर में डिपो को सप्लाई
सिविल सप्लाई हमीरपुर की एरिया मैनेजर रीता ने बताया कि जिले में साढ़े छह क्विंटल हिम चक्की आटा और आठ क्विंटल दलिया डिपो को सप्लाई किया गया है। उन्होंने कहा कि डिपो संचालक इसे बेच रहे हैं। वहीं, खाद्य आपूर्ति नियंत्रण हमीरपुर शिवराम का कहना है कि जबरन सप्लाई और बिक्री की शिकायत उन्हें नहीं मिली है।