हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के अंतर्गत बस अड्डा परिसर में हिमाचल परिवहन निगम बस चालक और परिचालक ने समय-सारिणी को लेकर पंजाब रोडवेज बस के परिचालक से गाली-गलौच किया। इसके चलते बस अड्डा परिसर में हंगामा हो गया।
हंगामे के चलते करीब पांच मिनट के लिए यातायात भी अवरुद्ध हो गया। बस अड्डा चौकी से पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद यातायात बहाल हुआ। हुआ यूं कि हमीरपुर से जालंधर रूट के लिए निगम और पंजाब रोडवेज के चालक और परिचालकों में समय-सारिणी को लेकर कहासुनी हो गई।
इस दौरान निगम के चालक-परिचालक ने पंजाब रोडवेज के परिचालक से गाली गलौच कर दी। इसके चलते बस अड्डा के निकासी गेट पर रूट पर रवाना हो रही निगम की बस के आगे पंजाब रोडवेज बस का परिचालक बैठ गया और बस को रोक दिया। करीब पांच मिनट तक परिचालक बीच सड़क में बैठा रहा। इसके चलते यातायात भी अवरुद्ध हो गया। इसके बाद बस अड्डा पुलिस चौकी से पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिचालक को वहां से उठाया और चौकी ले गए। बाद में पुलिस ने कड़ी हिदायत देकर बस परिचालक को छोड़ दिया है।
उधर, चौकी प्रभारी छोटे राम का कहना है कि परिचालक को कड़ी हिदायत देकर छोड़ दिया गया है। हालांकि दूसरे पक्ष से शिकायत नहीं आई है। इसके चलते मामला दर्ज नहीं हो पाया है।