पुलिस लाइन दोसड़का में मासिक बैठक में उपस्थित एसपी हमीरपुर व अन्य अधिकारी। स्रोत : पुलिस
हमीरपुर। पुलिस लाइन दोसड़का में सोमवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) हमीरपुर भगत सिंह की अध्यक्षता में मासिक संयुक्त सलाहकार एवं कल्याण समिति और अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान सभी थाना, चौकी और इकाई प्रभारियों को अपने-अपने कार्यस्थलों और आवासीय परिसरों की साफ-सफाई और रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए।
इसके अतिरिक्त, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पूर्व में घटित सभी अन्वेषणाधीन अभियोगों और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के उपायों की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी पर्यवेक्षक अधिकारियों, थाना और पुलिस चौकी प्रभारियों को लंबित अभियोगों के अन्वेषण को तुरंत पूर्ण करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, उपमंड़लीय पुलिस अधिकारी बड़सर सचिन हीरेमठ, उपपुलिस अधीक्षक हमीरपुर नितीन चौहान, उप पुलिस अधीक्षक (एलआर) सुनील दत्त ठाकुर और जिला पुलिस हमीरपुर के 53 पुलिस कर्मचारियों ने भाग लिया।