संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत भट्ठा चौक गांव में महिला की ओर से दो युवकों पर लगाए अभद्र व्यवहार तथा छेड़छाड़ करने के आरोपों के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने एसडीएम नादौन के समक्ष महिला का बयान दर्ज किया है। पुलिस को दी अपनी शिकायत में महिला का कहना था कि भट्ठा चौक पर दो युवक उसके निकट आए और उसे कार में बैठाने का प्रयास करने लगे। जब महिला ने इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो दोनों वहां से भाग गए।
इसके बाद महिला ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से वह संतुष्ट नहीं थी। अब दोबारा महिला ने मांग की है कि आरोपियों के विरुद्ध कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज करके सख्त कार्रवाई की जाए। इस संबंध में डीएसपी नितिन चौहान ने कहा कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है।
समाचार : सोनम शर्मा